गोड्डा जिले के पोडैयाहाट थाना क्षेत्र के मटिहानी गांव में हुई हत्या के मामले में पुलिस ने 48 घंटे के भीतर कार्रवाई करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना 7 और 8 जनवरी की रात की है, जब गांव के बधार में पप्पु अंसारी की मौत हो गई थी।
इस मामले में पोडैयाहाट थाना में कांड संख्या 06/26 दर्ज किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष टीम बनाई गई, जिसने तेजी से जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने मटिहानी गांव के ही रहने वाले मुन्नीलाल मरांडी और अनंत मरांडी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनके घर से मवेशी चोरी कर कुछ लोग भाग रहे थे। शोर मचाने पर गांव के लोग जुट गए और पीछा कर एक व्यक्ति को पकड़ लिया। इसी दौरान उसके साथ मारपीट हो गई, जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि मृतक पप्पु अंसारी पहले भी कई बार मवेशी चोरी और तस्करी के मामलों में जेल जा चुका था। इस मामले में शामिल अन्य लोगों की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
बताया जा रहा है कि इस घटना को लेकर झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने भी गोड्डा के पुलिस अधीक्षक से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी करने को कहा था। इसके बाद पुलिस ने तेजी दिखाते हुए 48 घंटे के भीतर मामले का खुलासा कर दिया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।















Leave a Reply