झारखंड के रांची में आदिवासी बच्चों के सपनों को मिला संबल: JEE-NEET कोचिंग से मेडिकल–इंजीनियरिंग का रास्ता हुआ आसान
रांची।
आदिवासी बच्चों को शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने की दिशा में झारखंड सरकार ने एक ऐतिहासिक कदम उठाया है। मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन ने रांची में दिशोम गुरु शिबू सोरेन इंजीनियरिंग (JEE) एवं मेडिकल (NEET) कोचिंग संस्थान का उद्घाटन किया। इस संस्थान में आदिवासी विद्यार्थियों को निःशुल्क और गुणवत्तापूर्ण कोचिंग उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे वे मेडिकल और इंजीनियरिंग जैसे प्रतिष्ठित क्षेत्रों में दाख़िला ले सकें।
उद्घाटन के अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा,
“अब यहां से बच्चे मेडिकल और इंजीनियरिंग में दाख़िला ले सकेंगे। इसके लिए आप सभी बच्चों को तराशा जाएगा। पूरी सरकार आने वाली पीढ़ी के साथ खड़ी है। आप मेहनत कीजिए, आपकी सफलता ही हमारे लिए सबसे बड़ा उपहार होगा।”
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस उपलब्धि की जानकारी अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर साझा करते हुए इसे आदिवासी समाज के भविष्य निर्माण की दिशा में बड़ा कदम बताया। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आर्थिक या सामाजिक बाधाएं किसी भी प्रतिभाशाली छात्र के सपनों के आड़े न आएं।
इस कोचिंग संस्थान में अनुभवी शिक्षकों के माध्यम से JEE और NEET की विशेष तैयारी कराई जाएगी। छात्रों को आधुनिक अध्ययन सामग्री, अनुशासित वातावरण और निरंतर मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि वे राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल कर सकें।
शिक्षा के क्षेत्र में यह पहल आदिवासी समाज को आत्मनिर्भर बनाने और झारखंड को शिक्षा के मानचित्र पर नई पहचान दिलाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।
Report: Shahin khan
—















Leave a Reply