खेल मैदान से डिजिटल कक्षाओं तक पर मंथन, बिजली संकट से निपटने को सोलर-जेनरेटर की तैयारी
रिपोर्ट:- शाहीन खान
गोड्डा। पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, गोड्डा को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने की दिशा में जिला प्रशासन ने पहल तेज कर दी है। विद्यालय प्रबंधन समिति की बैठक में शुक्रवार को केवल पढ़ाई ही नहीं, बल्कि खेल, डिजिटल शिक्षा, सुरक्षा और आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के कई प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा हुई।
जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त लोकेश मिश्रा की अध्यक्षता में हुई बैठक में विद्यालय की मौजूदा व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए विद्यार्थियों के लिए बेहतर शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक वातावरण तैयार करने पर जोर दिया गया। बैठक में खेल मैदान के विकास और इंडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनाने का प्रस्ताव प्रमुखता से सामने आया। इसके अलावा प्रार्थना सभा और विद्यालयी आयोजनों के लिए स्थायी स्टेज तथा सामूहिक कार्यक्रमों के लिए बहुउद्देशीय हॉल बनाने पर भी विचार हुआ।
क्लासरूम में तकनीक का बढ़ेगा इस्तेमाल
बदलते शैक्षणिक माहौल के अनुरूप विद्यालय में डिजिटल शिक्षा को मजबूत करने की भी तैयारी है। जरूरत के अनुसार कक्षाओं में स्मार्ट बोर्ड और इंटरएक्टिव पैनल उपलब्ध कराने पर चर्चा हुई, ताकि विद्यार्थियों को तकनीक आधारित शिक्षण का लाभ मिल सके।
प्रतियोगी परीक्षाओं पर भी निगाह
बैठक में विद्यार्थियों को स्कूली शिक्षा के साथ भविष्य की प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करने पर भी विशेष बल दिया गया। उपायुक्त ने JEE Advanced और NEET जैसी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षण, अतिरिक्त शैक्षणिक सहयोग और उचित मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बिजली और सुरक्षा व्यवस्था भी एजेंडे में
विद्यालय में बिजली कटौती से पढ़ाई प्रभावित नहीं हो, इसके लिए सोलर सिस्टम अथवा जेनरेटर से वैकल्पिक विद्युत व्यवस्था करने के प्रस्ताव पर विचार किया गया। वहीं विद्यालय परिसर की सुरक्षा को देखते हुए पंप हाउस के पास से गुजर रहे हाईटेंशन विद्युत तार को हटाने या स्थानांतरित करने के संबंध में भी आवश्यक कार्रवाई पर चर्चा हुई।
बैठक में विद्यालय के प्रशासनिक कार्यों के लिए फोटोस्टेट एवं डुप्लीकेटिंग मशीन उपलब्ध कराने समेत अन्य आवश्यकताओं पर भी विचार-विमर्श किया गया। उपायुक्त ने विद्यालय प्रबंधन और संबंधित अधिकारियों को विद्यार्थियों की जरूरतों के अनुरूप सुविधाओं को मजबूत करने के लिए समन्वित रूप से कार्य करने का निर्देश दिया।
रिपोर्ट:- शाहीन खान
