राष्ट्रीय खेल दिवस पर विद्यार्थियों में फिटनेस, अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश; CWSN बच्चों की भागीदारी के लिए भी विशेष इंतजाम
रिपोर्ट : शाहीन खान
गोड्डा। राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 के अवसर पर गोड्डा जिले के विद्यालयों में खेल और फिटनेस का रंग देखने को मिलेगा। विद्यार्थियों को खेलों से जोड़ने और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जिले के सरकारी एवं सरकारी सहायता प्राप्त विद्यालयों में 27, 29 और 30 अगस्त को विभिन्न खेलकूद, फिटनेस एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस वर्ष कार्यक्रम की थीम ‘खेलेगा भारत, जीतेगा भारत’ रखी गई है।
झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद, रांची के निर्देश पर आयोजित होने वाले इन कार्यक्रमों का उद्देश्य बच्चों में खेल भावना विकसित करने के साथ-साथ उन्हें नियमित व्यायाम, अनुशासन और शारीरिक-मानसिक स्वास्थ्य के महत्व से परिचित कराना है। कार्यक्रमों में विद्यार्थियों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया है।
28 अगस्त को रहेगा अवकाश
जारी दिशा-निर्देश के अनुसार पहले 28 अगस्त को प्रस्तावित गतिविधियों को अब 27 अगस्त को आयोजित किया जाएगा। वहीं 28 अगस्त को सभी विद्यालयों में अवकाश रहेगा। इसके बाद 29 और 30 अगस्त को निर्धारित कार्यक्रम पूर्व निर्धारित रूप से आयोजित किए जाएंगे।
विद्यालयों में विद्यार्थियों की उम्र, क्षमता और सुविधा के अनुसार अलग-अलग खेल एवं फिटनेस गतिविधियां कराई जाएंगी। इनके माध्यम से बच्चों को यह संदेश दिया जाएगा कि पढ़ाई के साथ खेल और शारीरिक सक्रियता भी स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का जरूरी हिस्सा है।
खेल के साथ स्वास्थ्य और अनुशासन का पाठ
राष्ट्रीय खेल दिवस के मौके पर विद्यार्थियों के बीच खेल भावना, टीमवर्क, अनुशासन और नियमित व्यायाम के महत्व को रेखांकित किया जाएगा। विद्यालय स्तर पर खेल गतिविधियों के साथ स्वास्थ्य एवं फिटनेस से जुड़ी जागरूकता गतिविधियां भी होंगी।
कार्यक्रम का एक महत्वपूर्ण पहलू दिव्यांग बच्चों (CWSN) की सहभागिता भी है। विद्यालयों के प्रधानाध्यापक एवं प्रभारी प्रधानाध्यापकों को निर्देश दिया गया है कि दिव्यांग विद्यार्थियों की जरूरतों के अनुरूप विशेष व्यवस्था करते हुए उन्हें सुरक्षित, सम्मानजनक और सक्रिय रूप से कार्यक्रमों में शामिल किया जाए।
जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त लोकेश मिश्रा के निर्देशानुसार जिला स्तर से संबंधित पदाधिकारियों एवं विद्यालयों को कार्यक्रमों का सफल आयोजन सुनिश्चित करने को कहा गया है। प्रशासन का जोर केवल आयोजन तक सीमित नहीं, बल्कि बच्चों में खेल के प्रति रुचि और नियमित फिटनेस की आदत विकसित करने पर है।
राष्ट्रीय खेल दिवस के ये आयोजन विद्यालयों में खेल संस्कृति को मजबूत करने के साथ बच्चों और युवाओं को स्वस्थ, सक्रिय और अनुशासित जीवनशैली की ओर प्रेरित करने का माध्यम बनेंगे।
