भाषण, स्तुति गीत और क्विज में जिलेभर के छात्र-छात्राएं लेंगे निःशुल्क भाग, 20 अगस्त तक करा सकेंगे पंजीकरण

Edit by: शाहीन खान 

गोड्डा। ईद-ए-मिलाद के अवसर पर राष्ट्रीय अल्पसंख्यक फाउंडेशन, गोड्डा की ओर से 29वीं जिला स्तरीय प्रतियोगिता 2026 का आयोजन किया जाएगा। आयोजन की तैयारियों को लेकर अब्दुल कलाम आजाद के आवास पर बैठक हुई। अध्यक्षता पूर्व बैंक प्रबंधक विजय कुमार चौबे ने की।

बैठक में निर्णय लिया गया कि 23 अगस्त, रविवार को सुबह 10 बजे से स्थानीय कोर्ट परिसर स्थित सभागार में प्रतियोगिता आयोजित होगी। प्रतियोगिता में जिले के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों तथा मदरसों के छात्र-छात्राएं भाषण, स्तुति गीत एवं क्विज प्रतियोगिता में निःशुल्क भाग ले सकेंगे। इच्छुक प्रतिभागियों को 20 अगस्त तक सचिव अबुल कलाम आजाद के पास अपना नाम दर्ज कराना होगा।

प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।

28 वर्षों से दे रहा एकता और सद्भाव का संदेश

फाउंडेशन के सचिव अबुल कलाम आजाद ने बताया कि यह आयोजन पिछले 28 वर्षों से गोड्डा में सामाजिक एकता, आपसी भाईचारे और सांप्रदायिक सद्भाव की मिसाल पेश कर रहा है। विभिन्न वर्गों और समुदायों से जुड़े शैक्षणिक संस्थानों के छात्र-छात्राएं एक मंच पर आकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हैं।

उन्होंने कहा कि आयोजन का उद्देश्य बच्चों में आपसी प्रेम, भाईचारा, सद्भाव और सामाजिक समरसता की भावना को मजबूत करना है। कार्यक्रम में जिले के सभी वर्गों के प्रबुद्ध नागरिक भी आयोजक के रूप में सक्रिय भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम के संयोजक की जिम्मेदारी पिछले कई वर्षों से अजीत कुमार सहाय, एजीपी निभा रहे हैं। वहीं अधिवक्ता दिलीप तिवारी आयोजन की रूपरेखा एवं व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। प्रचार-प्रसार एवं मीडिया समन्वय की जिम्मेदारी मीडिया प्रभारी प्रीतम गाडिया को सौंपी गई है।

सदस्यों को सौंपी गई अलग-अलग जिम्मेदारियां

प्रतियोगिता के संचालन एवं प्रतिभागियों के चयन की जिम्मेदारी जावेद अख्तर एवं मोहम्मद इम्तियाज अहमद को दी गई। आयोजन स्थल की साज-सज्जा जय किशोर ठाकुर, जयकांत राउत एवं मोहम्मद जब्बार आलम संभालेंगे।

साउंड सिस्टम की व्यवस्था मोहम्मद इस्लाम एवं इबरार आलम तथा जलपान व्यवस्था चंद्र पंडित, राजू अयान एवं अर्श देखेंगे।

बैठक का संचालन कार्यक्रम संयोजक अजीत कुमार सहाय ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन फाउंडेशन के अध्यक्ष तुफैल खान ने किया।

बैठक में विजय कुमार चौबे, तुफैल खान, अजीत कुमार सहाय, जावेद अख्तर, अब्दुल सलाम, इबरार आलम, जयकांत राउत, मोहम्मद जब्बार आलम, चंद्र पंडित, दिनकर कुमार, रहमान, प्रीतम गाडिया, मोहम्मद इम्तियाज अहमद, मोहम्मद इस्लाम, अब्दुल कलाम आजाद, रानू कुमार वर्मा, हर्ष आजाद, विकास कुमार सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *