भागने लगे संदिग्ध, पीछे दौड़ी पुलिस… सरकंडा चौक के पास 20.45 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद, चार दबोचे गए
गोड्डा, 10 अगस्त 2026। रिपोर्ट:- शाहीन खान
गोड्डा में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सरकंडा चौक के पास से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से करीब 20.45 ग्राम ब्राउन शुगर (हेरोइन) बरामद करने का दावा किया है। पुलिस की कार्रवाई के दौरान संदिग्धों ने मौके से भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस टीम ने पीछा कर चारों को दबोच लिया।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में ब्राउन शुगर समेत अन्य मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत SDPO गोड्डा आकाश भारद्वाज के नेतृत्व में नगर थाना पुलिस को सरकंडा चौक के पास कुछ संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली थी।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर रखी। पुलिस को देखते ही कुछ लोग भागने लगे। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने पीछा कर चार संदिग्धों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से करीब 20.45 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद होने की बात पुलिस ने कही है।
चार आरोपी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिरेन्द्र कुमार (26), लखन कुमार झा (29), शिवकुमार शर्मा (32) और रबुल अंसारी (27) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। पुलिस अब उनके पुराने मामलों के साथ-साथ नशे के कारोबार से जुड़े संभावित नेटवर्क की भी जानकारी जुटा रही है।
मामले में गोड्डा नगर थाना में एनडीपीएस एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
नशे के कारोबार पर जीरो टॉलरेंस
गोड्डा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ “जीरो टॉलरेंस” की नीति के तहत कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस का कहना है कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले नशे के सौदागरों और इस अवैध कारोबार से जुड़े नेटवर्क को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
पुलिस अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि बरामद ब्राउन शुगर कहां से लाई गई थी और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
पुलिस ने आम लोगों से की अपील
गोड्डा पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री या तस्करी से संबंधित कोई जानकारी मिलती है तो वे नजदीकी थाना अथवा पुलिस को इसकी सूचना दें। पुलिस ने सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखने का भरोसा दिलाया है।
छापेमारी टीम में ये रहे शामिल
कार्रवाई में SDPO आकाश भारद्वाज, पुलिस निरीक्षक दिनेश महली, पुलिस निरीक्षक मधुसूदन मोदक, नगर थाना प्रभारी शिवदयाल सिंह समेत नगर थाना के पुलिस पदाधिकारी, पुलिसकर्मी एवं सशस्त्र बल शामिल रहे।
बरामदगी: करीब 20.45 ग्राम ब्राउन शुगर (हेरोइन)।
