Edit By- शाहीन खान 

गोड्डा, 8 अगस्त। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त लोकेश मिश्रा ने शनिवार को बरहेट विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र संख्या-57 पर आयोजित विशेष कैंप का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदान केंद्र पर प्रदर्शित प्रारूप मतदाता सूची एवं ASDD सूची का अवलोकन किया तथा पुनरीक्षण कार्य की प्रगति की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने नए मतदाताओं से प्रपत्र-6 प्राप्त किए जाने तथा मतदाता सूची में नाम स्थानांतरण अथवा आवश्यक संशोधन के लिए प्रपत्र-8 प्राप्त किए जाने की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने बीएलओ एवं संबंधित कर्मियों को निर्देश दिया कि विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत प्राप्त आवेदनों, दावों एवं आपत्तियों का निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार समयबद्ध तरीके से निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।

कैंप में मौजूद मतदाताओं को SIR-2026 के संबंध में आवश्यक जानकारी देते हुए बताया गया कि 8 एवं 9 अगस्त 2026 को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों के माध्यम से पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, नाम स्थानांतरित कराने तथा नाम एवं अन्य विवरण में आवश्यक सुधार करा सकते हैं।

‘कोई भी पात्र नागरिक छूटे नहीं’ अभियान पर जोर

उपायुक्त लोकेश मिश्रा ने जिले के सभी पात्र नागरिकों से अपील की कि वे 8 एवं 9 अगस्त को अपने निकटतम मतदान केंद्र पर पहुंचकर मतदाता सूची से संबंधित आवश्यक कार्य अवश्य पूरा करें। उन्होंने विशेष रूप से परिवार के सभी सदस्यों का नाम एक ही मतदान केंद्र में स्थानांतरित कराने तथा मतदाता सूची में किसी प्रकार की त्रुटि होने पर समय रहते सुधार कराने की अपील की।

उन्होंने कहा कि ‘कोई भी पात्र नागरिक छूटे नहीं’ अभियान को सफल बनाने में प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। जिला प्रशासन द्वारा मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य को पारदर्शी, व्यवस्थित एवं समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed