गोड्डा। अगर आप गोड्डा जिले के मतदाता हैं तो यह खबर आपके लिए बेहद महत्वपूर्ण है। निर्वाचन आयोग की ओर से मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत जिले में 1,20,592 मतदाताओं के नाम प्रारंभिक सूची से हटाने की तैयारी की गई है। हालांकि यदि किसी पात्र मतदाता का नाम गलती से हटाया गया है, तो उसे 5 अगस्त से 3 अक्टूबर तक दावा और आपत्ति दर्ज कराने का पूरा अवसर मिलेगा।
निर्वाचन विभाग के अनुसार गोड्डा जिले की तीनों विधानसभा सीटों—पोड़ैयाहाट, गोड्डा और महागामा—में कुल 9,65,465 मतदाता चिह्नित किए गए हैं। विशेष पुनरीक्षण के दौरान अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत एवं डुप्लीकेट पाए गए मतदाताओं के नाम प्रारूप सूची से हटाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है।
आंकड़ों के अनुसार पोड़ैयाहाट विधानसभा क्षेत्र में सबसे अधिक 41,878, महागामा में 41,707 और गोड्डा विधानसभा क्षेत्र में 37,007 मतदाताओं के नाम हटाए जाने का प्रस्ताव है।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त लोकेश मिश्रा ने बताया कि बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर गणना प्रपत्र एकत्र किए गए हैं और सभी प्राप्त प्रपत्रों का डिजिटलीकरण पूरा कर लिया गया है। 5 अगस्त को मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशित किया जाएगा, जिसके बाद मतदाता अपने नाम और अन्य विवरणों की जांच कर सकेंगे।
यदि किसी मतदाता का नाम सूची से गायब मिलता है या किसी प्रकार की त्रुटि होती है, तो वह निर्धारित अवधि के भीतर दावा या आपत्ति दर्ज कराकर सुधार करा सकता है। आयोग सभी दावों और आपत्तियों की जांच के बाद अंतिम मतदाता सूची जारी करेगा।
गोड्डा जिले के विधानसभावार आंकड़े
- पोड़ैयाहाट: कुल मतदाता – 3,13,443 | प्रस्तावित हटने वाले नाम – 41,878
- गोड्डा: कुल मतदाता – 3,13,462 | प्रस्तावित हटने वाले नाम – 37,007
- महागामा: कुल मतदाता – 3,38,560 | प्रस्तावित हटने वाले नाम – 41,707
कुल मतदाता: 9,65,465
प्रस्तावित हटने वाले नाम: 1,20,592
जरूरी सलाह: 5 अगस्त को प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित होने के बाद सभी मतदाता अपना नाम अवश्य जांच लें। यदि कोई त्रुटि मिले तो 3 अक्टूबर तक दावा या आपत्ति दर्ज कराकर उसे ठीक कराया जा सकता है।
