गोड्डा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो बाइक जब्त; युवाओं को नशे से बचाने के लिए ‘जीरो टॉलरेंस’ का संदेश

रिपोर्ट : शाहीन खान
गोड्डा,

गोड्डा पुलिस ने मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 50 ग्राम ब्राउन शुगर (हेरोइन) के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के साथ ही पुलिस ने एक अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी गिरोह का पर्दाफाश करने का दावा किया है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से दो मोटरसाइकिल भी बरामद की गई हैं, जिनमें एक बिना नंबर की स्प्लेंडर बाइक शामिल है।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी आकाश भारद्वाज के नेतृत्व में जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 3 अगस्त को नगर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की। पुलिस टीम को देखते ही संदिग्ध भागने लगे, लेकिन त्वरित घेराबंदी कर तीन आरोपियों को दबोच लिया गया।

तलाशी के दौरान उनके पास से लगभग 50 ग्राम ब्राउन शुगर (हेरोइन) बरामद हुई। मामले में नगर थाना में एनडीपीएस एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

गिरफ्तार आरोपी

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में पंकज मंडल (कठौन, गोड्डा), सुरज चालक (सरौनी बाजार, गोड्डा) तथा कुणाल कुमार (पड़वा रामपुर, बौंसी, जिला बांका, बिहार) शामिल हैं। बांका निवासी आरोपी की गिरफ्तारी से पुलिस को अंतरराज्यीय नेटवर्क के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिलने की उम्मीद है।

यह हुई बरामदगी

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने लगभग 50 ग्राम ब्राउन शुगर, एक एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल (JH17X1294) तथा एक बिना नंबर की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल जब्त की है। बरामद सामग्री और वाहनों के आधार पर पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुट गई है।

जीरो टॉलरेंस’ नीति पर गोड्डा पुलिस

गोड्डा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मादक पदार्थों के कारोबार के विरुद्ध जिले में “जीरो टॉलरेंस पॉलिसी” लागू है। युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले किसी भी तस्कर या गिरोह को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध भी कठोर कानूनी कार्रवाई करेगी।

पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि कहीं मादक पदार्थों के अवैध कारोबार की जानकारी मिले तो उसकी सूचना निकटतम थाना या गोड्डा पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

इस सफल अभियान में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी आकाश भारद्वाज, सदर पुलिस निरीक्षक मधुसूदन मोदक, नगर थाना प्रभारी दिनेश महली सहित नगर थाना, मुफस्सिल थाना, तकनीकी शाखा एवं सशस्त्र बल के कई पुलिस पदाधिकारियों और जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *