केरल के मलप्पुरम में हुई दुर्घटना, कई यात्री घायल; हादसे की जांच शुरू
केरल के मलप्पुरम जिले में भारी बारिश के बीच एक तेज रफ्तार निजी बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई। हादसे का सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें बस सड़क पर फिसलते हुए डिवाइडर से टकराती और फिर पलटती दिखाई दे रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दुर्घटना के समय बस कोझिकोड से त्रिशूर की ओर जा रही थी। बारिश के कारण सड़क फिसलन भरी होने से चालक बस पर नियंत्रण खो बैठा। हादसे में एक यात्री की मौत हो गई, जबकि 25 से अधिक लोग घायल हुए हैं। घायलों को आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे तथा यात्रियों को बस से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती आशंका है कि बारिश, फिसलन भरी सड़क और तेज रफ्तार हादसे की प्रमुख वजह हो सकती है।
