फर्जी कस्टमर केयर, KYC अपडेट और APK फाइल के नाम पर लोगों को बनाते थे ठगी का शिकार
देवघर, 25 जुलाई।
देवघर पुलिस ने साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए दो साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से साइबर ठगी में इस्तेमाल किए जा रहे तीन मोबाइल फोन और तीन सिम कार्ड बरामद किए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर के निर्देश पर जिले में संदिग्ध साइबर अपराधियों के विरुद्ध लगातार छापेमारी अभियान चलाया गया। इसी अभियान के दौरान दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
जांच में सामने आया कि बरामद मोबाइल और सिम कार्ड का उपयोग साइबर ठगी के लिए किया जा रहा था। आरोपी फर्जी ग्राहक सेवा अधिकारी बनकर लोगों को कॉल करते थे और कैशबैक, KYC अपडेट, बैंकिंग सहायता तथा APK फाइल डाउनलोड कराने के बहाने उनकी गोपनीय बैंकिंग जानकारी हासिल कर ठगी की वारदात को अंजाम देते थे।
देवघर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर APK फाइल डाउनलोड न करें, बैंक खाते, OTP, CVV या अन्य गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें। किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।
पुलिस ने कहा कि जिले में साइबर अपराध के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे अपराधों में संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
