बीएलओ मंडली देवी के साथ मिलकर लोगों को दी जरूरी जानकारी, कहा— समय रहते फॉर्म भरें, वरना मतदान के अधिकार से हो सकते हैं वंचित

Edit: शाहीन खान 

गोड्डा। अगर आपने अभी तक विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) का फॉर्म नहीं भरा है, तो यह खबर आपके लिए बेहद महत्वपूर्ण है। मतदाता सूची में नाम सुरक्षित रखने और भविष्य में मतदान के अधिकार से वंचित होने से बचाने के उद्देश्य से निवर्तमान वार्ड पार्षद प्रितम गाडिया ने वार्ड में घर-घर पहुंचकर लोगों का SIR फॉर्म भरवाने का अभियान चलाया।

इस दौरान उन्होंने नागरिकों को SIR प्रक्रिया की पूरी जानकारी दी, आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी साझा की और पात्र मतदाताओं को सही तरीके से फॉर्म भरने में सहयोग किया। अभियान में वार्ड की बीएलओ मंडली देवी ने भी सक्रिय भूमिका निभाई। उन्होंने दस्तावेजों का सत्यापन किया और बड़ी संख्या में लोगों के फॉर्म जमा करवाए।

प्रितम गाडिया ने कहा कि लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत मतदाता है। यदि किसी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची से छूट जाता है, तो वह अपने सबसे महत्वपूर्ण लोकतांत्रिक अधिकार से वंचित हो सकता है। इसलिए सभी लोग समय रहते SIR फॉर्म भरें और आवश्यक दस्तावेज जमा करें।

उन्होंने वार्डवासियों से अपील करते हुए कहा कि जो लोग अभी तक यह प्रक्रिया पूरी नहीं कर पाए हैं, वे बिना देर किए अपना फॉर्म भरें, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे जन-जागरूकता अभियान से आम नागरिकों को काफी सुविधा मिलती है और मतदाता सूची को अधिक सटीक बनाने में मदद मिलती है।

 

प्रितम गाडिया का संदेश:

“हर नागरिक का मताधिकार सुरक्षित रहे, यही हमारी प्राथमिकता है।”

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *