रामगढ़ में भूमि विवाद ने ली सरकारी अधिकारी की जान, गिरिडीह के सब-रजिस्ट्रार की पीट-पीटकर हत्या; देवघर में मां-बेटे की निर्मम हत्या से सनसनी
रामगढ़/देवघर, 30 जून। झारखंड में मंगलवार को दो अलग-अलग जिलों में हुई दो जघन्य हत्याओं ने पूरे राज्य को झकझोर दिया। रामगढ़ जिले में भूमि विवाद के दौरान गिरिडीह में पदस्थापित 53 वर्षीय सब-रजिस्ट्रार बालेश्वर पटेल की लाठी और पत्थरों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई, जबकि देवघर में एक महिला और उसके 12 वर्षीय बेटे की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई।
रामगढ़ जिले के मांडू थाना क्षेत्र के बलसगरा गांव में हुई घटना में मृतक बालेश्वर पटेल हूल दिवस की छुट्टी पर अपने पैतृक गांव आए थे। मंगलवार सुबह वह हाल ही में खरीदी गई विवादित जमीन देखने पहुंचे थे। आरोप है कि इसी दौरान भूमि विवाद को लेकर रिश्तेदारों से कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। आरोपियों ने लाठियों और पत्थरों से उन पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल बालेश्वर पटेल को निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
रामगढ़ के एसडीपीओ आलोक रंजन ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल से लाठियां और पत्थर बरामद किए हैं। मामले में छह लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। वहीं मृतक की पत्नी रीता देवी ने मांडू थाने में आठ लोगों के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई है। आरोपियों में रामू साव उर्फ ज्ञानी साव, विष्णु कुमार, संतोष साव उर्फ पम्पम, पूजा देवी, रूबी देवी, शकुंतला देवी, नन्दु और डोली कुमारी के नाम शामिल हैं। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
इधर, देवघर जिले के हेठ नवाडीह गांव में मंगलवार तड़के अज्ञात बदमाशों ने घर में घुसकर 38 वर्षीय रुबेदा बीबी और उनके 12 वर्षीय बेटे की सोते समय धारदार हथियार से हत्या कर दी। हमलावरों ने दोनों के चेहरे और गर्दन पर कुल्हाड़ी तथा हथौड़े से वार किए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
देवघर के एसपी प्रवीण पुष्कर ने बताया कि घटना के समय मृतका की बहू घर में मौजूद थी, जबकि बड़ा बेटा काम के सिलसिले में गांव से बाहर गया हुआ था। पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है और हत्या के कारणों तथा आरोपियों की पहचान के लिए स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है।
दोनों घटनाओं ने झारखंड में कानून-व्यवस्था और आपराधिक घटनाओं को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस दोनों मामलों में जांच तेज कर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

