रिपोर्ट:- शाहीन खान
गोड्डा,। ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग के निर्देश पर गोड्डा जिले के बसंतराय प्रखंड में ग्राम पंचायत विकास योजना (जीपीडीपी) के प्रभावी निर्माण एवं क्रियान्वयन को लेकर ग्राम पंचायत सहजकर्ता दल के लिए दो दिवसीय प्रखंड स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का बुधवार को शुभारंभ हुआ। प्रशिक्षण का उद्देश्य ग्राम पंचायतों को सहभागी, पारदर्शी और योजनाबद्ध विकास की दिशा में सशक्त बनाना है, ताकि स्थानीय जरूरतों और प्राथमिकताओं के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण विकास योजनाएं तैयार की जा सकें।
प्रशिक्षण के पहले दिन प्रतिभागियों को ग्राम पंचायत विकास योजना (GPDP) की अवधारणा, ग्राम सभा की भूमिका, सहभागी योजना निर्माण, पंचायत स्तर पर उपलब्ध संसाधनों के बेहतर उपयोग, विभिन्न विभागों के अभिसरण (कन्वर्जेंस) तथा जनसहभागिता के माध्यम से विकास योजनाओं के निर्माण की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही पंचायत स्तर पर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, समन्वय और व्यवहारिक पहलुओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम का संचालन एवं तकनीकी सत्र जिला समन्वयक, जल जीवन मिशन (जेजेएम) गोड्डा शत्रुघ्न प्रसाद, प्रखंड समन्वयक बसंतराय आशीष रंजन तथा प्रधान संस्था के राजेश कुमार यादव ने संयुक्त रूप से किया। प्रशिक्षकों ने ग्राम पंचायत विकास योजना तैयार करने की चरणबद्ध प्रक्रिया, विभिन्न विभागीय योजनाओं के समन्वय, जल संरक्षण, स्वच्छता, पेयजल प्रबंधन और सतत ग्रामीण विकास के विभिन्न आयामों पर विस्तार से जानकारी दी।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों ने पंचायत स्तर पर विकास योजनाओं के निर्माण से जुड़े अपने अनुभव साझा किए तथा गुणवत्तापूर्ण और प्रभावी योजना तैयार करने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन प्राप्त किया। प्रशिक्षकों ने बताया कि जीपीडीपी एक जनकेंद्रित एवं सहभागी प्रक्रिया है, जिसमें ग्राम सभा की सक्रिय भागीदारी के माध्यम से गांव की वास्तविक जरूरतों और प्राथमिकताओं के अनुसार विकास योजनाओं का चयन किया जाता है। इससे पंचायतों में समावेशी, पारदर्शी और टिकाऊ विकास को बढ़ावा मिलता है तथा उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम और बेहतर उपयोग सुनिश्चित होता है।
प्रशिक्षण के दूसरे दिन प्रतिभागियों को समूह कार्य, कार्ययोजना निर्माण तथा ग्राम पंचायत विकास योजना तैयार करने की व्यवहारिक प्रक्रिया का अभ्यास कराया जाएगा, ताकि वे अपने-अपने पंचायत क्षेत्रों में प्रभावी एवं सहभागी विकास योजनाएं तैयार कर सकें।
इस अवसर पर बसंतराय प्रखंड की सभी ग्राम पंचायतों के पंचायत सचिव, मुखिया, वार्ड सदस्य, जलसहिया, झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (जेएसएलपीएस) की दीदियां तथा ग्राम पंचायत सहजकर्ता दल के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रशिक्षण कार्यक्रम को पंचायतों में विकास की नई सोच और जनभागीदारी को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
