रिपोर्ट:- शाहीन खान

गोड्डा,।
गोड्डा के उपायुक्त श्री लोकेश मिश्रा के नाम और प्रोफाइल फोटो का दुरुपयोग कर फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर विभिन्न प्रकार की भ्रामक पोस्ट किए जाने का मामला सामने आया है। इसे गंभीर साइबर फ्रॉड बताते हुए जिला प्रशासन ने आम लोगों से सतर्क रहने और किसी भी प्रकार के प्रलोभन या संदिग्ध संदेश के झांसे में नहीं आने की अपील की है।
जिला जनसंपर्क कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि उपायुक्त के नाम से संचालित यह फेसबुक अकाउंट पूरी तरह फर्जी है। ऐसे फेक सोशल मीडिया अकाउंट, अनधिकृत नंबर या अन्य माध्यमों से यदि किसी प्रकार की धनराशि की मांग की जाती है या किसी तरह का लालच दिया जाता है, तो लोग तत्काल सतर्क हो जाएं और ऐसे अकाउंट को ब्लॉक कर दें।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि फर्जी अकाउंट से प्राप्त किसी भी संदिग्ध लिंक, मैसेज या पोस्ट को न खोलें और न ही उसे आगे साझा करें। किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक करने से व्यक्तिगत जानकारी चोरी होने या आर्थिक नुकसान होने की आशंका रहती है।
उपायुक्त ने कहा है कि यदि किसी व्यक्ति के साथ इस प्रकार की साइबर ठगी होती है, उसकी निजी जानकारी का दुरुपयोग किया जाता है या आर्थिक नुकसान पहुंचता है, तो वह बिना देर किए राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल अथवा अपने नजदीकी पुलिस थाना में शिकायत दर्ज कराएं।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर किसी भी सरकारी अधिकारी के नाम से आने वाले संदेशों की सत्यता जांचे बिना उन पर भरोसा न करें। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे जागरूक रहें, अफवाहों से बचें और साइबर अपराधियों के मंसूबों को विफल करने में प्रशासन का सहयोग करें।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *