Edit By;शाहीन खान
महागामा (गोड्डा), 1 अगस्त। गोड्डा पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए 4 किलोग्राम गांजा के साथ दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी बिहार के भागलपुर जिले के निवासी हैं और मोटरसाइकिल से गांजा की खेप लेकर महागामा क्षेत्र में सप्लाई करने आ रहे थे।
पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (महागामा) के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। सूचना के सत्यापन के लिए महागामा थाना क्षेत्र के ग्राम शीतल स्थित पानी टंकी के समीप मुख्य सड़क पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया।
जांच के दौरान बिहार की ओर से आ रही एक ग्लैमर मोटरसाइकिल को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के क्रम में बाइक सवार दो संदिग्ध युवकों के पास मौजूद एक सफेद झोले से चार अलग-अलग पैकेटों में रखा कुल 4 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने गांजा को विधिवत जब्त कर लिया और दोनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने अपना नाम बिरेन्द्र कुमार (33 वर्ष) तथा उदय कुमार मंडल (35 वर्ष) बताया। दोनों बिहार के भागलपुर जिला अंतर्गत घोघा थाना क्षेत्र के ब्रह्मचारी टोला के रहने वाले हैं। पूछताछ के दौरान दोनों ने गांजा तस्करी में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध महागामा थाना कांड संख्या-142/26 के तहत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही तस्करी में प्रयुक्त ग्लैमर मोटरसाइकिल (रजिस्ट्रेशन संख्या BR10W-3255) को भी जब्त कर लिया गया है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत के लिए न्यायालय भेजा जा रहा है।
इस सफल कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वरुण रजक, पुलिस निरीक्षक उपेन्द्र कुमार महतो, थाना प्रभारी मनोज कुमार पाल, सहायक अवर निरीक्षक खालिद अहमद खाँ, निर्मल कुमार पाण्डेय तथा महागामा थाना के सशस्त्र बल के जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
गोड्डा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और इस अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।7
