रिपोर्ट: शाहीन खान

पोड़ैयाहाट (गोड्डा): गोड्डा जिले के पोड़ैयाहाट प्रखंड अंतर्गत दांडे में बाबा सिंहेश्वर नाथ शाह से विकास ट्रस्ट, शिव नगर मोहनी की ओर से भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि कांग्रेस झारखंड विधायक दल के नेता एवं पोड़ैयाहाट विधायक प्रदीप यादव ने दीप प्रज्वलित कर किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक कार्यक्रम हमारी समृद्ध परंपरा, लोक संस्कृति और स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने का सशक्त माध्यम हैं। ऐसे आयोजनों से युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है तथा समाज में आपसी भाईचारे और सांस्कृतिक मूल्यों को बढ़ावा मिलता है।

कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में क्षेत्र के लोगों की भीड़ उमड़ी। देर रात तक चले इस आयोजन में दर्शकों ने गीत, संगीत और नृत्य प्रस्तुतियों का भरपूर आनंद लिया। विशेष आकर्षण कोलकाता से आए कलाकारों की प्रस्तुति रही। कलाकारों ने अपनी मनमोहक सांस्कृतिक एवं संगीतमय प्रस्तुतियों से पूरे पंडाल को झूमने पर मजबूर कर दिया। उनकी प्रस्तुति पर दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ भरपूर उत्साह दिखाया और देर रात तक कार्यक्रम का आनंद लेते रहे।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में गोड्डा अनुमंडल पदाधिकारी बैजनाथ उरांव, हेडक्वार्टर डीएसपी जेपीएन चौधरी, प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) पोड़ैयाहाट, अंचल अधिकारी (सीओ) पोड़ैयाहाट, थाना प्रभारी पोड़ैयाहाट तथा जिला परिषद सदस्य राघवेंद्र सिंह उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने आयोजकों की सराहना करते हुए ऐसे आयोजनों को समाज के लिए प्रेरणादायी बताया।

कार्यक्रम का सफल संचालन अजय शर्मा ने किया, जबकि नृत्य प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में वरिष्ठ पत्रकार श्यामानंद वत्स, शाहीन खान एवं संगीता कुमारी शामिल रहे। निर्णायकों ने प्रतिभागियों के प्रदर्शन, तालमेल, प्रस्तुति और मंच संचालन के आधार पर विजेताओं का चयन किया।

सांस्कृतिक प्रतियोगिता में P&D Dance Academy, Godda, P Dance Academy, Banka, Gurukul Dance Academy, Godda तथा D Dance Academy, Godda सहित कुल चार डांस संस्थाओं ने हिस्सा लिया। सभी प्रतिभागियों ने एक से बढ़कर एक आकर्षक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।

प्रतियोगिता में P&D Dance Academy, Godda ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त कर ₹18,000 की पुरस्कार राशि अपने नाम की। P Dance Academy, Banka ने द्वितीय स्थान हासिल कर ₹15,000 का पुरस्कार जीता। Gurukul Dance Academy, Godda तीसरे स्थान पर रही और उसे ₹10,000 की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। वहीं D Dance Academy, Godda चौथे स्थान पर रही, जिसे ₹5,000 की पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया गया। विजेता टीमों को अतिथियों द्वारा ट्रॉफी, प्रशस्ति पत्र एवं नकद पुरस्कार प्रदान किए गए।

कार्यक्रम के समापन पर आयोजकों ने सभी मुख्य एवं विशिष्ट अतिथियों, कलाकारों, निर्णायकों, प्रतिभागियों तथा बड़ी संख्या में उपस्थित दर्शकों का आभार व्यक्त किया। आयोजकों ने कहा कि भविष्य में भी क्षेत्र की छिपी हुई प्रतिभाओं को मंच देने और सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से ऐसे कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाते रहेंगे। पूरे आयोजन के दौरान उत्साह, उमंग और सांस्कृतिक रंगों का अद्भुत संगम देखने को मिला।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *