लूट की साजिश नाकाम: हथियारों के साथ तीन बदमाश गिरफ्तार, शराब तस्करी के लिए राहगीरों को बनाते थे निशाना

गोड्डा, 30 जून। पथरगामा थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी आपराधिक वारदात को समय रहते विफल करते हुए हथियारों से लैस तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी शराब तस्करी के लिए राहगीरों से मोटरसाइकिल, टोटो और टेंपो लूटने की योजना बना रहे थे। इस दौरान उनके पास से दो देशी कट्टा, तीन जिंदा कारतूस और बिना नंबर की दो अपाची मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं, जबकि उनके दो साथी भीड़ का फायदा उठाकर फरार हो गए।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीम ने सोमवार को गुप्त सूचना के आधार पर अमरपुर पुल के समीप छापेमारी की। मौके पर पहुंचने पर पुलिस ने देखा कि स्थानीय लोगों ने हथियारबंद युवकों को घेर रखा था। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तीन आरोपियों को दबोच लिया, जबकि दो अन्य भाग निकले।

पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे अवैध शराब का कारोबार करते हैं और शराब की सप्लाई के लिए राहगीरों से वाहन लूटकर उनका इस्तेमाल करते थे। इसी उद्देश्य से वे अमरपुर पुल के पास किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में बैठे थे।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पथरगामा थाना क्षेत्र के रजौन कला निवासी सन्नी कुमार, गोड्डा मुफस्सिल थाना क्षेत्र के अमडीहा निवासी अर्जुन कुमार दास तथा बिहार के बांका जिला अंतर्गत अमरपुर निवासी राहुल देव राय के रूप में हुई है।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि सन्नी कुमार और अर्जुन कुमार दास पहले से ही विभिन्न आपराधिक मामलों में नामजद हैं। पुलिस फरार दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

इस कार्रवाई को थाना प्रभारी शिवदयाल सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने अंजाम दिया, जिसमें पथरगामा थाना के कई पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस ने बरामद हथियारों और वाहनों को जब्त कर आरोपियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *