JSSC परीक्षा आज: गोड्डा में सुरक्षा का अभेद्य घेरा, 17 केंद्रों के 200 मीटर दायरे में धारा 163 लागू

गोड्डा। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा-2024 को लेकर गोड्डा जिला पूरी तरह सुरक्षा के घेरे में रहेगा। रविवार (19 जुलाई) को जिले के 17 परीक्षा केंद्रों पर तीन पालियों में होने वाली परीक्षा के मद्देनजर जिला प्रशासन ने कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं। सभी परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 लागू कर दी गई है।

अनुमंडल दंडाधिकारी बैद्यनाथ उरांव द्वारा जारी आदेश के अनुसार परीक्षा समाप्त होने तक केंद्रों के आसपास पांच या उससे अधिक लोगों के एकत्र होने, हथियार या विस्फोटक सामग्री लेकर चलने, लाउडस्पीकर एवं ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग तथा अनावश्यक आवाजाही पर पूरी तरह रोक रहेगी। परीक्षा को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा ड्यूटी में तैनात अधिकारी-कर्मी, पुलिस बल, परीक्षार्थी, विद्यालय एवं महाविद्यालय जाने वाले छात्र-छात्राएं, मरीजों के साथ जाने वाले लोग तथा शव यात्रा में शामिल व्यक्तियों को इस प्रतिबंध से छूट रहेगी।

उल्लंघन पर होगी सख्त कार्रवाई

जिला प्रशासन ने चेतावनी दी है कि निषेधाज्ञा का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 223 सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। सभी परीक्षा केंद्रों पर दंडाधिकारियों, पुलिस बल एवं उड़नदस्तों की तैनाती की गई है ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।

अभ्यर्थियों के लिए प्रशासन की अपील

प्रशासन ने परीक्षार्थियों से समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने, आयोग द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि परीक्षा को पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *