गोड्डा, 4 जुलाई। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के तहत मतदाता सूची को अद्यतन, शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से शनिवार को उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रशांत कुमार लायक ने गोड्डा प्रखंड के कम प्रगति वाले विभिन्न मतदान केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने बूथवार गणना (एन्यूमरेशन) प्रपत्रों के वितरण एवं संग्रहण की प्रगति की समीक्षा करते हुए अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उप निर्वाचन पदाधिकारी ने बीएलओ, सुपरवाइजर एवं निर्वाचन कार्य में प्रतिनियुक्त कर्मियों से अभियान की प्रगति की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि प्रत्येक पात्र मतदाता तक गणना प्रपत्र पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी नागरिक को प्रपत्र प्राप्त करने अथवा जमा करने में किसी प्रकार की कठिनाई नहीं होनी चाहिए।
अभियान के दौरान श्री लायक स्वयं घर-घर पहुंचे और मतदाताओं से संवाद स्थापित कर उन्हें गणना प्रपत्र उपलब्ध कराया। उन्होंने प्रपत्र भरने की प्रक्रिया की जानकारी देते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवश्यक दस्तावेजों के साथ संबंधित बीएलओ को प्रपत्र जमा करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 का मुख्य उद्देश्य जिले की मतदाता सूची को पूर्णतः अद्यतन, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित बनाना है। लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल होना आवश्यक है। इसलिए सभी नागरिक इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
निरीक्षण के दौरान बीएलओ को प्राप्त प्रपत्रों के समयबद्ध सत्यापन एवं डिजिटाइजेशन के साथ-साथ दैनिक प्रगति की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया।
इस अवसर पर संबंधित निर्वाचन पदाधिकारी, सुपरवाइजर, बीएलओ एवं अन्य निर्वाचन कर्मी उपस्थित रहे।
