Eadit- शाहीन खान

गोड्डा, 3 जुलाई। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के सफल एवं प्रभावी संचालन को लेकर शुक्रवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त लोकेश मिश्रा की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में एन्यूमरेशन फॉर्म के वितरण, संग्रहण एवं डिजिटाइजेशन की प्रगति की विधानसभावार समीक्षा की गई।

उपायुक्त ने सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (ERO), सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (AERO) तथा वरीय अधिकारियों को भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप निर्धारित समय-सीमा में सभी कार्य गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित ढंग से पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि एन्यूमरेशन फॉर्म का शत-प्रतिशत वितरण, समय पर संग्रहण और समानांतर डिजिटाइजेशन हर हाल में सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने निर्देश दिया कि सभी ईआरओ एवं एईआरओ प्रतिदिन बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) के साथ समीक्षा बैठक करें तथा वितरण, संग्रहण एवं डेटा एंट्री की दैनिक प्रगति पर सतत निगरानी रखें। स्पष्ट निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि जितने फॉर्म वितरित किए जाएं, उतने ही फॉर्म का डिजिटाइजेशन भी समय पर पूरा हो तथा किसी भी स्थिति में गलत, अपूर्ण या डुप्लीकेट प्रविष्टि न होने पाए।

उपायुक्त ने सभी वरीय अधिकारियों को नियमित रूप से बूथों का निरीक्षण करने का निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक बीएलओ अपने क्षेत्र में डोर-टू-डोर अभियान चलाकर हर पात्र मतदाता तक पहुंचे, उन्हें एन्यूमरेशन फॉर्म उपलब्ध कराए तथा निर्धारित समय पर उसका संग्रहण सुनिश्चित करे। उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान से कोई भी पात्र मतदाता वंचित नहीं रहना चाहिए।

बैठक में प्रपत्रों के सुरक्षित संधारण, अभिलेखीकरण एवं समयबद्ध डिजिटाइजेशन पर भी विशेष बल दिया गया। उपायुक्त ने ईआरओ एवं एईआरओ को नियमित एवं रैंडम मॉनिटरिंग करने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी परिस्थिति में कोई भी एन्यूमरेशन फॉर्म गुम नहीं होना चाहिए।

उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों, जनसेवकों एवं क्षेत्रीय कर्मियों के सहयोग से व्यापक जनसहभागिता के साथ अभियान संचालित करने पर जोर देते हुए कहा कि इस विशेष अभियान का उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल करना तथा मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाना है। इसलिए सभी संबंधित अधिकारी इस कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ पूर्ण जवाबदेही एवं समर्पण से संपादित करें।

बैठक में सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ERO), सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (AERO), जिला पंचायती राज पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उपस्थित रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *