Edit- शाहीन खान
गोड्डा डीसी लोकेश मिश्रा ने कहा— पारदर्शिता व समयबद्धता के साथ हो वितरण, कोई पात्र विद्यार्थी न रहे वंचित
गोड्डा, 3 जुलाई। जिले के सरकारी विद्यालयों में अध्ययनरत वर्ग-8 के छात्र-छात्राओं को वित्तीय वर्ष 2026-27 के अंतर्गत साइकिल उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए शुक्रवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में जिला स्तरीय साइकिल वितरण अनुमोदन एवं अनुश्रवण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त लोकेश मिश्रा ने की।
बैठक में जिले के सभी नौ प्रखंडों से प्राप्त प्रस्तावों की विस्तृत समीक्षा करते हुए साइकिल वितरण योजना के तहत कुल 22,418 छात्र-छात्राओं को लाभान्वित करने पर सहमति बनी। इनमें 10,570 छात्र एवं 11,848 छात्राएं शामिल हैं।
जिला कल्याण कार्यालय द्वारा प्रस्तुत प्रखंडवार एवं विद्यालयवार लाभुकों की सूची, पात्र विद्यार्थियों का सत्यापन तथा वितरण प्रक्रिया की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पूरी प्रक्रिया पूर्ण पारदर्शिता, समयबद्धता एवं सरकार के निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप संपन्न कराई जाए, ताकि कोई भी पात्र छात्र-छात्रा योजना के लाभ से वंचित न रहे।
उन्होंने वितरण से पूर्व विद्यालयवार लाभुकों की सूची का पुनः सत्यापन कराने, अभिलेखों का सावधानीपूर्वक मिलान करने तथा वितरण के दौरान सभी आवश्यक दस्तावेजों का सुव्यवस्थित संधारण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर योजना का सफल एवं सुचारू क्रियान्वयन सुनिश्चित करने पर बल दिया।
प्रखंडवार लाभुकों की संख्या
गोड्डा – 4,298
महागामा – 4,088
मेहरमा – 2,934
पोड़ैयाहाट – 2,810
पथरगामा – 2,225
ठाकुरगंगटी – 2,102
बसंतराय – 1,794
बोआरीजोर – 1,514
सुंदरपहाड़ी – 653
बैठक में उप विकास आयुक्त विस्पुते श्रीकांत यशवंत, जिला कल्याण पदाधिकारी सुधीर प्रसाद सिंह, जिला शिक्षा पदाधिकारी मिथिला टुडू, जिला शिक्षा अधीक्षक दीपक कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
