जामा (दुमका): जामा थाना क्षेत्र में 12 फरवरी को हुई सड़क दुर्घटना ने सोमवार को सनसनीखेज मोड़ ले लिया। चुटोनाथ मंदिर के समीप बाउंड्री वाल से टकराई गाड़ी के ड्राइवर दीपक कुमार यादव (35) चार दिन से लापता थे, जिनका शव अंततः बेदिया गांव स्थित एक कुएं से बरामद हुआ। इस बरामदगी ने दुर्घटना के कारणों और बीच की कड़ियों पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
मूल रूप से गिरीडीह जिले के जमुआ थाना क्षेत्र के कुसैया गांव निवासी दीपक साहेबगंज से वाहन खाली कर दुर्गापुर (प. बंगाल) जा रहे थे। दुर्घटना के बाद वे अचानक लापता हो गए। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। मृतक के पिता रामदेव यादव ने शनिवार को जामा थाना में गुमशुदगी की लिखित सूचना देते हुए बेटे का हुलिया भी बताया—लगभग 5 फीट 2 इंच लंबाई, गोरा रंग, काले बाल, भूरा जैकेट और हिंदी बोलने वाला।
सोमवार सुबह बेदिया गांव के एक कुएं में शव दिखने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पहचान दीपक कुमार यादव के रूप में हुई। थाना प्रभारी अजीत कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए दुमका भेजा गया है और हर पहलू से जांच की जा रही है—क्या यह महज हादसे के बाद की त्रासदी है या इसके पीछे कोई और कारण?
घटना से क्षेत्र में शोक और आशंका का माहौल है। पुलिस सीसीटीवी, कॉल डिटेल और घटनास्थल के आसपास के साक्ष्य खंगाल रही है ताकि दुर्घटना से लेकर शव बरामदगी तक की पूरी कड़ी स्पष्ट हो सके।














Leave a Reply