गोड्डा, 6 जुलाई। जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 अभियान के तहत मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से विभिन्न पंचायतों में व्यापक मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उपायुक्त-सह-जिला निर्वाचन पदाधिकारी लोकेश मिश्रा के निर्देश पर भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप चलाए जा रहे इस अभियान में लोगों को मतदाता सूची के महत्व तथा निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित आवश्यक जानकारियां दी जा रही हैं।

जागरूकता कार्यक्रमों के दौरान नागरिकों को नए मतदाताओं का नाम जोड़ने, मतदाता सूची में आवश्यक संशोधन कराने, नाम एवं अन्य विवरणों के सत्यापन तथा शुद्ध मतदाता सूची तैयार करने की प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के उद्देश्य और लोकतांत्रिक व्यवस्था में इसकी भूमिका से भी अवगत कराया गया।

प्रशासन ने बताया कि जिले के सभी मतदान क्षेत्रों में बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) घर-घर जाकर मतदाताओं को एन्यूमरेशन (Enumeration) फॉर्म उपलब्ध करा रहे हैं। सभी पात्र मतदाताओं से अपील की गई है कि वे फॉर्म को ध्यानपूर्वक पढ़कर सही एवं पूर्ण जानकारी के साथ भरें तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर संबंधित बीएलओ को जमा करें, ताकि मतदाता सूची को अधिक सटीक एवं त्रुटिरहित बनाया जा सके।

जिला प्रशासन ने नागरिकों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी जागरूक करने का आह्वान किया है। प्रशासन का कहना है कि सभी के सहयोग से ही एक शुद्ध, पारदर्शी एवं विश्वसनीय मतदाता सूची का निर्माण संभव है, जो लोकतंत्र को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *