रिपोर्ट: शाहीन खान
गोड्डा। जिले के अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग के छात्र-छात्राओं के लिए बड़ी राहत की खबर है। छात्रवृत्ति योजना का लाभ अधिक से अधिक पात्र विद्यार्थियों तक पहुंचाने को लेकर शुक्रवार को समाहरणालय में उपायुक्त लोकेश मिश्रा की अध्यक्षता में प्री-मैट्रिक/पोस्ट-मैट्रिक जिला स्तरीय छात्रवृत्ति अनुमोदन एवं अनुश्रवण समिति की बैठक हुई।
बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 और 2026-27 के छात्रवृत्ति आवेदनों की समीक्षा की गई। इस दौरान कुल 29,298 छात्र-छात्राओं के आवेदनों को स्वीकृति प्रदान की गई।
वित्तीय वर्ष 2025-26 के तहत कक्षा 1 से 10 तक के विद्यालयों में अध्ययनरत और INO/DNO स्तर से सत्यापित 4,527 विद्यार्थियों की छात्रवृत्ति स्वीकृति एवं वितरण को मंजूरी दी गई। वहीं वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए कक्षा 1 से 8 तक के 24,771 विद्यार्थियों के आवेदन भी समिति ने अनुमोदित किए।
कोई पात्र विद्यार्थी छात्रवृत्ति से न रहे वंचित
उपायुक्त लोकेश मिश्रा ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिले के सभी सरकारी विद्यालयों में अध्ययनरत पात्र विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति योजना का शत-प्रतिशत लाभ मिले। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी पात्र छात्र-छात्रा का आवेदन छूटना नहीं चाहिए।
डीसी ने विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों और संबंधित अधिकारियों को आवेदन प्रक्रिया पर विशेष निगरानी रखने तथा पात्र विद्यार्थियों से समय पर आवेदन कराने के निर्देश दिए।
ऑनलाइन आवेदन पोर्टल खुला
बैठक में बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति के लिए ऑनलाइन आवेदन पोर्टल वर्तमान में खुला हुआ है। पात्र छात्र-छात्राएं अपने विद्यालय के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर छात्रवृत्ति योजना का लाभ ले सकते हैं।
उपायुक्त ने अधिकारियों को आवेदन प्रक्रिया समयबद्ध तरीके से पूरा कराने और पात्र विद्यार्थियों को योजना से जोड़ने पर विशेष जोर दिया।
बैठक में पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार, डिविजनल फॉरेस्ट ऑफिसर पवन बाघ, जिला कल्याण पदाधिकारी सुधीर कुमार सिंह, जिला शिक्षा अधीक्षक दीपक कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
