रिपोर्ट:- शाहीन खान
गोड्डा। विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर 9 अगस्त को गोड्डा के सुभ्मदा बैंकवेट हॉल में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय समारोह की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त लोकेश मिश्रा की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यक्रम को गरिमामय, सुव्यवस्थित एवं सफल बनाने के लिए विभिन्न विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार, डिविजनल फॉरेस्ट ऑफिसर पवन बाघ, अपर समाहर्ता इंदर कुमार, जिला कल्याण पदाधिकारी सुधीर कुमार सिंह सहित आयोजन समिति के सदस्य एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
उपायुक्त ने कहा कि विश्व आदिवासी दिवस आदिवासी समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं और उनके अमूल्य योगदान को सम्मान देने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने का निर्देश देते हुए कहा कि समारोह का आयोजन गरिमापूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से होना चाहिए।
समीक्षा बैठक के दौरान मंच प्रबंधन, आमंत्रित अतिथियों की व्यवस्था, विभागीय स्टॉल एवं प्रदर्शनी, झारखंडी लोक नृत्य एवं नाटक, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, प्रतिभाओं का सम्मान, पेयजल, विद्युत, स्वच्छता, चिकित्सा, सुरक्षा, पार्किंग सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। उपायुक्त ने कार्यक्रम स्थल पर आने वाले आगंतुकों और प्रतिभागियों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश भी दिए।
बैठक में विभागवार जिम्मेदारियों की भी समीक्षा की गई और सभी संबंधित अधिकारियों को समय पर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि 9 अगस्त का जिला स्तरीय समारोह भव्य, आकर्षक और यादगार बन सके।
