गोड्डा, 31 जुलाई। जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को पथरगामा थाना का विस्तृत निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान थाना के सिरिस्ता कार्य, अभिलेखों के रख-रखाव, लंबित कांडों की स्थिति तथा पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों की कार्यप्रणाली की गहन समीक्षा की गई। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिया कि लंबित मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए और आम लोगों को त्वरित एवं संवेदनशील पुलिस सेवा उपलब्ध कराई जाए।
निरीक्षण के दौरान थाना परिसर की साफ-सफाई, अनुशासन, रिकॉर्ड संधारण, मालखाना व्यवस्था तथा विधि-व्यवस्था से जुड़े विभिन्न बिंदुओं का भी बारीकी से जायजा लिया गया। पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि अनुसंधान में अनावश्यक विलंब नहीं हो, प्रत्येक मामले की नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा शिकायतकर्ताओं के साथ बेहतर संवाद स्थापित कर जनविश्वास को मजबूत किया जाए।
अधिकारियों ने कहा कि प्रभावी पुलिसिंग का आधार पारदर्शिता, जवाबदेही और समय पर कार्रवाई है। इसी उद्देश्य से अभिलेखों को व्यवस्थित रखने, थाना परिसर को स्वच्छ बनाए रखने तथा प्रत्येक पुलिसकर्मी को जिम्मेदारी के साथ कार्य करने पर विशेष बल दिया गया।
35 वर्षों की सेवा के बाद भावुक विदाई
निरीक्षण के बाद पथरगामा प्रभाग के पुलिस निरीक्षक विष्णु देव चौधरी के सेवानिवृत्त होने पर थाना परिसर में गरिमामय विदाई समारोह आयोजित किया गया। समारोह में उपस्थित पुलिस अधिकारियों और कर्मियों ने उनके लंबे, समर्पित और अनुकरणीय सेवाकाल को याद करते हुए भावभीनी विदाई दी।
वक्ताओं ने कहा कि विष्णु देव चौधरी ने अपने पूरे सेवाकाल में ईमानदारी, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय दिया। उन्होंने कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन करते हुए विभाग की प्रतिष्ठा बढ़ाई। उनका अनुभव और कार्यशैली आने वाली पीढ़ी के पुलिसकर्मियों के लिए प्रेरणास्रोत बनी रहेगी।
समारोह के अंत में सहकर्मियों ने उन्हें स्मृति-चिह्न एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया और स्वस्थ, सुखमय एवं सफल जीवन की शुभकामनाएं दीं। भावुक माहौल के बीच सभी ने उनके योगदान को याद करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
