Edit by : शाहीन खान 

गोड्डा।

झारखंड सरकार की कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री दीपिका पांडे सिंह ने गोड्डा जिला कांग्रेस के उपाध्यक्ष मो. आलमगीर आलम की पूज्य माता के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। इस दुखद समाचार के बाद मंत्री बसंतराय प्रखंड के मांजर बुजुर्ग स्थित उनके पैतृक आवास पहुंचीं, जहां उन्होंने शोकाकुल परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं और उन्हें इस कठिन समय में धैर्य एवं साहस बनाए रखने का संबल दिया।

मंत्री दीपिका पांडे सिंह ने दिवंगत माता जी के पार्थिव शरीर पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि माता का स्थान जीवन में सर्वोच्च होता है। उनके स्नेह, त्याग और मार्गदर्शन की भरपाई कभी नहीं की जा सकती। उनका निधन केवल परिवार ही नहीं, बल्कि समाज के लिए भी एक अपूरणीय क्षति है।

उन्होंने कहा कि दुःख की इस घड़ी में पूरा कांग्रेस परिवार मो. आलमगीर आलम एवं उनके परिजनों के साथ मजबूती से खड़ा है। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना करते हुए कहा कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति और संबल दें।

मंत्री ने परिवार के सदस्यों से कुछ समय तक बातचीत कर उनका हालचाल जाना तथा उन्हें हर संभव सहयोग का भरोसा भी दिलाया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने भी दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

मंत्री दीपिका पांडे सिंह के इस संवेदनशील दौरे को स्थानीय लोगों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मानवीय संवेदना का परिचायक बताया। इस अवसर पर कांग्रेस के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता, स्थानीय जनप्रतिनिधि तथा क्षेत्र के गणमान्य लोग भी मौजूद रहे और दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *