मच्छरदानी का नियमित उपयोग, साफ-सफाई और जनसहभागिता से ही बनेगा मलेरिया मुक्त गोड्डा

गोड्डा, 27 जुलाई:
मानसून के दौरान मलेरिया के बढ़ते खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और बचाव के उपाय अपनाने की अपील की है। जिला जनसंपर्क कार्यालय की ओर से जारी संदेश में कहा गया है कि मलेरिया से बचाव ही सुरक्षित और स्वस्थ जीवन की सबसे बड़ी कुंजी है। यदि समय रहते सावधानी बरती जाए तो इस बीमारी से आसानी से बचा जा सकता है।

प्रशासन ने नागरिकों से नियमित रूप से मच्छरदानी का उपयोग करने, घर और आसपास साफ-सफाई बनाए रखने तथा कहीं भी पानी जमा नहीं होने देने की अपील की है। साथ ही पूरे शरीर को ढकने वाले कपड़े पहनने, पानी के बर्तनों को ढककर रखने और छत या आंगन में बेकार वस्तुओं में पानी जमा नहीं होने देने की सलाह दी गई है।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी व्यक्ति को बुखार आता है तो उसे नजरअंदाज न करें। बिना देरी किए नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र में मलेरिया की जांच कराएं। जांच में मलेरिया की पुष्टि होने पर चिकित्सक के निर्देशानुसार दवा का पूरा कोर्स अवश्य पूरा करें और बीच में उपचार न छोड़ें। इसके अलावा ताजा भोजन और पर्याप्त मात्रा में तरल पदार्थ लेने की भी सलाह दी गई है।

प्रशासन ने बताया कि जिले के सभी सरकारी अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और स्वास्थ्य उपकेंद्रों में मलेरिया की जांच एवं उपचार पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध है।

जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि स्वच्छता और जागरूकता को अपनी आदत बनाएं तथा मलेरिया उन्मूलन अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं। जनसहभागिता और सामूहिक प्रयासों से ही “मलेरिया मुक्त गोड्डा” का लक्ष्य जल्द हासिल किया जा सकता है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *