रांची। डूरंड कप 2026 के सफल आयोजन को लेकर रांची के उपायुक्त (डीसी) ने शुक्रवार रात मोरहाबादी स्थित बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान संबंधित अधिकारियों के साथ स्टेडियम परिसर की विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान डीसी रांची ने दर्शक दीर्घा, प्रवेश एवं निकास द्वार, सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग, पेयजल, स्वच्छता, चिकित्सा सुविधा, विद्युत आपूर्ति समेत अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मैच के दौरान दर्शकों की सुरक्षा, सुविधा और सुचारु आवागमन सुनिश्चित किया जाए।

टिकट व्यवस्था के तहत स्टेडियम परिसर में 12 काउंटर बनाए गए थे, जहां निःशुल्क टिकट वितरित किए गए। हालांकि, प्रत्येक दर्शक के लिए वैध टिकट अनिवार्य रखा गया ताकि दर्शकों की संख्या का बेहतर प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके। प्रशासन के अनुसार सभी टिकट पूरी तरह वितरित हो चुके हैं।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि स्टेडियम में केवल वैध टिकट या अधिकृत पासधारकों को ही प्रवेश मिलेगा। बिना टिकट अथवा बिना अधिकृत पास के किसी भी व्यक्ति को प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। दर्शकों से समय पर स्टेडियम पहुंचने और सुरक्षा जांच सहित प्रशासन के सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।

मैच के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्टेडियम और आसपास के क्षेत्रों में दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। साथ ही यातायात प्रबंधन, पार्किंग, भीड़ नियंत्रण और आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं की भी समुचित व्यवस्था की गई है।

जिला प्रशासन ने सभी फुटबॉल प्रेमियों से अनुशासन और खेल भावना के साथ आयोजन में शामिल होकर डूरंड कप 2026 को सफल बनाने में सहयोग करने की अपील की है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *