उच्चाधिकारियों को सौंपे तीन अलग-अलग ज्ञापन, कहा— जनता की मूलभूत समस्याओं का समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता हो।

Edit; शाहीन खान 

रांची/गोड्डा। पोड़ैयाहाट के विधायक एवं पूर्व मंत्री प्रदीप यादव ने गुरुवार को रांची में राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात कर गोड्डा और दुमका क्षेत्र से जुड़े तीन महत्वपूर्ण जनहित के मुद्दों पर अलग-अलग ज्ञापन सौंपे। उन्होंने त्रिवेणी वियर की तत्काल मरम्मत, गोड्डा सदर अस्पताल की बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार तथा सरैयाहाट-हंसडीहा क्षेत्र में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग करते हुए त्वरित कार्रवाई का आग्रह किया।

विधायक प्रदीप यादव ने कहा कि जनता लंबे समय से इन समस्याओं से जूझ रही है और अब इनके स्थायी समाधान के लिए सरकार को प्राथमिकता के आधार पर कदम उठाने चाहिए। विभागीय अधिकारियों ने सभी मामलों में सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया है।

50 गांवों की सिंचाई बचाने के लिए त्रिवेणी वियर की तत्काल मरम्मत की मांग

जल संसाधन विभाग के प्रधान सचिव प्रशांत कुमार को सौंपे गए ज्ञापन में विधायक ने कहा कि गोड्डा जिले का त्रिवेणी वियर क्षतिग्रस्त होने से आसपास के लगभग 50 गांवों के किसानों की सिंचाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है। विभाग द्वारा स्थायी मरम्मत का निर्णय लिया गया है, लेकिन उसमें समय लगेगा। ऐसे में किसानों के हितों को देखते हुए प्राथमिकता के आधार पर अस्थायी मरम्मत कर तत्काल पानी की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि खेती प्रभावित न हो।

गोड्डा जिला अस्पताल की लचर व्यवस्था पर जताई नाराजगी

स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव को लिखे पत्र में प्रदीप यादव ने गोड्डा सदर अस्पताल में व्याप्त कुप्रबंधन, लचर चिकित्सा व्यवस्था और कथित अनियमितताओं पर गंभीर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि अस्पताल में गरीब, गुरबा, पिछड़े और कमजोर वर्ग के मरीजों को समुचित इलाज नहीं मिल रहा है, जिससे उन्हें मजबूर होकर निजी अस्पतालों का रुख करना पड़ता है।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि बीते तीन-चार महीनों में अस्पताल में कई मौतें हुई हैं। स्थानीय स्तर पर संबंधित अधिकारियों को अवगत कराने के बावजूद स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। विधायक ने राज्य स्तरीय जांच टीम भेजकर पूरे मामले की जांच कराने और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई के साथ स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की मांग की।

सरैयाहाट और हंसडीहा में लो-वोल्टेज व बिजली कटौती पर उठाया मुद्दा

झारखंड विद्युत संचरण निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक को दिए गए ज्ञापन में प्रदीप यादव ने दुमका जिले के सरैयाहाट प्रखंड और हंसडीहा मुख्यालय में लगातार लो-वोल्टेज और बार-बार बिजली कटौती की समस्या का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि सामान्य बारिश और आंधी के दौरान भी कई दिनों तक बिजली बाधित रहती है, जिससे आम लोगों के साथ-साथ व्यापार, शिक्षा और दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है।

उन्होंने अधिकारियों से सही वोल्टेज के साथ नियमित एवं निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक निर्देश जारी करने का अनुरोध किया।

‘जनता की हर समस्या का समाधान पहली प्राथमिकता’

विधायक प्रदीप यादव ने कहा कि जनता की बुनियादी समस्याओं का समाधान कराना उनकी पहली जिम्मेदारी है। उन्होंने विश्वास जताया कि संबंधित विभाग इन मामलों में शीघ्र कार्रवाई करेंगे और लोगों को राहत मिलेगी। विभागीय अधिकारियों ने भी ज्ञापनों पर सकारात्मक पहल का भरोसा दिलाया है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *