गोड्डा का बढ़ा खेल सम्मान: झारखंड हॉकी एसोसिएशन के संयुक्त सचिव बने सुरजीत झा, शहर लौटने पर हुआ भव्य स्वागत
गोड्डा, प्रतिनिधि। गोड्डा जिले के खेल जगत के लिए गर्व का क्षण उस समय आया, जब जिला हॉकी संघ के सचिव सुरजीत झा को झारखंड हॉकी एसोसिएशन का संयुक्त सचिव निर्विरोध निर्वाचित किया गया। 19 जुलाई को रांची में आयोजित हॉकी एसोसिएशन की वार्षिक आम सभा (AGM) में सर्वसम्मति से हुए इस निर्वाचन के बाद पहली बार गोड्डा पहुंचने पर उनका भव्य स्वागत किया गया।
गोड्डा आगमन पर खेल प्रेमियों, हॉकी खिलाड़ियों, सामाजिक संगठनों और शुभचिंतकों ने फूल-मालाओं से उनका अभिनंदन किया। समर्थकों ने इसे पूरे जिले के लिए गौरव का विषय बताते हुए कहा कि प्रदेश स्तर के महत्वपूर्ण पद पर गोड्डा के प्रतिनिधि का पहुंचना जिले की खेल प्रतिभाओं के लिए नई उम्मीद लेकर आया है।
स्वागत समारोह में वक्ताओं ने कहा कि सुरजीत झा का संयुक्त सचिव चुना जाना गोड्डा ही नहीं, बल्कि पूरे संताल परगना के हॉकी खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि है। उनके अनुभव और नेतृत्व से जिले में हॉकी के विकास को नई गति मिलेगी तथा प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने का बेहतर अवसर मिलेगा।
इस अवसर पर सुरजीत झा ने सभी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन ने जिस विश्वास के साथ उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी है, उसे पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ निभाएंगे। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता झारखंड में हॉकी को मजबूत बनाना, ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध कराना और गोड्डा सहित संताल परगना के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने की होगी।
सुरजीत झा के संयुक्त सचिव बनने से जिले के खेल जगत में खुशी और उत्साह का माहौल है। खेल प्रेमियों का मानना है कि उनकी नई जिम्मेदारी से गोड्डा की हॉकी को नई पहचान मिलेगी और आने वाले वर्षों में जिले के खिलाड़ी राज्य और देश के स्तर पर अपनी प्रतिभा का बेहतर प्रदर्शन कर सकेंगे।
