Edit: शाहीन खान
गोड्डा, 6 जुलाई। आम लोगों की समस्याओं के शीघ्र एवं प्रभावी समाधान के उद्देश्य से सोमवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त लोकेश मिश्रा की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार में जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने अपनी विभिन्न समस्याएं उपायुक्त के समक्ष रखीं।
उपायुक्त ने एक-एक कर सभी आवेदकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित मामलों की निष्पक्ष जांच कराते हुए त्वरित समाधान का भरोसा दिलाया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त शिकायतों पर व्यक्तिगत रुचि लेते हुए समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करें, ताकि आम लोगों को शीघ्र राहत मिल सके।
जनता दरबार में प्रधानमंत्री आवास योजना, वृद्धा पेंशन, जाति प्रमाण पत्र, अनुकंपा नियुक्ति, भूमि विवाद, राशन कार्ड में त्रुटि तथा शिक्षा विभाग से जुड़े विभिन्न आवेदन प्राप्त हुए। उपायुक्त ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को सभी मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि जनता दरबार प्रशासन और आम नागरिकों के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि जनता की शिकायतों का संवेदनशीलता, पारदर्शिता और त्वरित गति से समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों का प्रशासन पर विश्वास और मजबूत हो।
जनता दरबार के माध्यम से एक बार फिर जिला प्रशासन ने आम नागरिकों की समस्याओं के प्रति अपनी संवेदनशीलता और जवाबदेही का संदेश दिया।
