Eadit- SHAHIN KHAN 

गोड्डा, 5 जुलाई। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 अभियान के तहत मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से गणना प्रपत्र (Enumeration Form) के वितरण, संग्रहण एवं डिजिटाइजेशन का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। जिला प्रशासन द्वारा अभियान की प्रगति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है ताकि निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी कार्य पूरे किए जा सकें।

उपायुक्त-सह-जिला निर्वाचन पदाधिकारी लोकेश मिश्रा के निर्देश पर जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में बूथ लेवल ऑफिसर (BLO), बीएलओ सुपरवाइजर, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (AERO) एवं निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ERO) प्रतिदिन सुबह से ही घर-घर जाकर मतदाताओं तक पहुंच रहे हैं। सुबह के समय अधिकतर मतदाताओं के घर पर उपलब्ध रहने के कारण प्रपत्रों का वितरण एवं संग्रहण अधिक प्रभावी ढंग से किया जा रहा है।

अभियान के दौरान बीएलओ मतदाताओं को न केवल गणना प्रपत्र उपलब्ध करा रहे हैं, बल्कि उसे भरने की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों तथा समय पर जमा करने की पूरी जानकारी भी दे रहे हैं। विशेष रूप से वृद्धजनों, दिव्यांगों एवं दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले मतदाताओं को प्राथमिकता देते हुए उन्हें आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है, ताकि कोई भी पात्र मतदाता इस अभियान से वंचित न रहे।

दोपहर बाद प्राप्त गणना प्रपत्रों का समयबद्ध एवं त्रुटिरहित डिजिटाइजेशन भी किया जा रहा है। वितरण, संग्रहण और डिजिटाइजेशन—तीनों कार्य समानांतर रूप से संचालित होने से अभियान में उल्लेखनीय तेजी आई है। सभी विधानसभा क्षेत्रों में मतदान केंद्रवार प्रगति की नियमित समीक्षा की जा रही है तथा अपेक्षाकृत कम प्रगति वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी के साथ सुधारात्मक कदम उठाए जा रहे हैं।

उपायुक्त लोकेश मिश्रा ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पूर्ण अनुपालन करते हुए पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान मतदाता सूची को अधिक सटीक और त्रुटिरहित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसमें सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की सक्रिय भूमिका आवश्यक है।

जिला प्रशासन ने जिले के सभी पात्र मतदाताओं से अपील की है कि वे बीएलओ का सहयोग करें, गणना प्रपत्र सही एवं पूर्ण रूप से भरकर निर्धारित समय के भीतर जमा करें तथा आवश्यक दस्तावेज भी समय पर उपलब्ध कराएं, ताकि SIR-2026 अभियान को सफल, पारदर्शी और प्रभावी बनाया जा सके।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *