15 दिनों तक गांव-गांव पहुंचेगा बिरसा कृषि जागरूकता रथ, किसानों को मिलेगी आधुनिक खेती की जानकारी

गोड्डा, 1 जुलाई। किसानों को आधुनिक एवं वैज्ञानिक खेती से जोड़ने और सरकारी योजनाओं का लाभ घर-घर तक पहुंचाने के उद्देश्य से कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग, झारखंड सरकार द्वारा संचालित “विकसित कृषि संकल्प अभियान-2026” के तहत मंगलवार को समाहरणालय परिसर से डिजिटल बिरसा कृषि जागरूकता रथ को उप विकास आयुक्त श्री विस्पुते श्री कांत यशवंत ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस अवसर पर उप विकास आयुक्त ने कहा कि यह जागरूकता अभियान किसानों को कृषि, पशुपालन एवं संबद्ध विभागों की योजनाओं से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने बताया कि अगले 15 दिनों तक बिरसा कृषि जागरूकता रथ जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं ग्राम पंचायतों का भ्रमण करेगा, जहां किसान संगोष्ठियों एवं जन-जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से किसानों को आधुनिक एवं वैज्ञानिक खेती की तकनीकों की जानकारी दी जाएगी।

उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान किसानों को प्राकृतिक एवं जैविक खेती, मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन, जल संरक्षण, फसल विविधीकरण, कृषि यंत्रीकरण, बागवानी, पशुपालन, डेयरी विकास सहित विभिन्न विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही सरकारी योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया, आवेदन संबंधी जानकारी, तकनीकी मार्गदर्शन तथा कृषि वैज्ञानिकों एवं विभागीय विशेषज्ञों से सीधे संवाद का अवसर भी मिलेगा।

उप विकास आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों एवं कृषि कर्मियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक पंचायत में अधिकाधिक किसानों की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए योजनाओं की जानकारी सरल एवं प्रभावी ढंग से पहुंचाई जाए तथा किसानों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाए।

कार्यक्रम में जिला पशुपालन पदाधिकारी मनोज कुमार सिंह, वरीय वैज्ञानिक सह प्रधान, केवीके डॉ. रवि शंकर, उप परियोजना निदेशक, आत्मा संधीर कुमार खलखो, प्रखंड तकनीकी प्रबंधक शैलेन्द्र कुमार सहित कृषि विभाग के वीरेन्द्र प्रताप, कुन्दन परासर, राजीव रंजन एवं अन्य विभागीय पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

— संवाददाता, गोड्डा

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *