इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती बनी मौत की वजह! गोड्डा की 19 वर्षीय युवती की भोजपुर में गला रेतकर हत्या, प्रेमी पर हत्या का आरोप

आरा/गोड्डा, 1 जुलाई। बिहार के भोजपुर जिले में झारखंड के गोड्डा की रहने वाली 19 वर्षीय युवती की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। युवती का शव 29 जून की सुबह चरपोखरी थाना क्षेत्र के पड़रिया गांव स्थित एक खेत से बरामद किया गया था। शव बुरी तरह सड़-गल चुका था और गला रेता हुआ था, जिससे प्रारंभ में उसकी पहचान नहीं हो सकी। बाद में शव के पास मिले आधार कार्ड के आधार पर मृतका की पहचान झारखंड के गोड्डा जिले के हरवाड़ा थाना क्षेत्र के विश्वास रवानी गांव निवासी अंजू कुमारी के रूप में हुई।

पुलिस के अनुसार, अंजू 26 जून की सुबह करीब 9 बजे घर से बिना किसी को बताए निकली थी। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और स्थानीय थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।

इंस्टाग्राम पर हुई थी दोस्ती

मृतका के पिता गुलाबी मंडल ने आरोप लगाया है कि करीब दो महीने पहले उनकी बेटी की पहचान इंस्टाग्राम के माध्यम से सीटू यादव नामक युवक से हुई थी। दोनों के बीच लगातार बातचीत होती थी और प्रेम संबंध बन गए थे। पिता का आरोप है कि सीटू ने मिलने के बहाने अंजू को भोजपुर बुलाया और उसकी गला रेतकर हत्या कर दी।

आधार कार्ड से हुई पहचान

घटनास्थल से पुलिस ने युवती का आधार कार्ड और टूटा हुआ मोबाइल फोन बरामद किया। शव को पहले आरा सदर अस्पताल भेजा गया, लेकिन अत्यधिक सड़-गल जाने के कारण पोस्टमार्टम के लिए पटना रेफर किया गया। आधार कार्ड के जरिए पहचान होने के बाद भोजपुर पुलिस ने गोड्डा स्थित परिजनों से संपर्क किया, जिसके बाद परिवार आरा पहुंचा।

पिता ने दर्ज कराई एफआईआर

मृतका के पिता ने सीटू यादव को नामजद आरोपी बनाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। घटनास्थल पर फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम ने भी पहुंचकर साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस मोबाइल कॉल डिटेल, सोशल मीडिया चैट और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की भी जांच कर रही है।

परिवार में पसरा मातम

अंजू चार बहनों और एक भाई में तीसरे स्थान पर थी। परिवार में माता लीला देवी, बहनें पिंकी देवी, साजन देवी, अनोखा कुमारी तथा भाई निरंजन कुमार हैं। घटना के बाद पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत होता है, हालांकि जांच पूरी होने के बाद ही हत्या के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि की जाएगी।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *