गोड्डा, 15 जुलाई। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) द्वारा आयोजित झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2024 का आयोजन 19 जुलाई को गोड्डा जिले के 17 परीक्षा केंद्रों पर तीन पालियों में किया जाएगा। परीक्षा के सफल, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर बुधवार को समाहरणालय सभागार में जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त लोकेश मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

 

बैठक में सभी केंद्राधीक्षकों, दंडाधिकारियों, ऑब्जर्वरों तथा पुलिस अधिकारियों को आयोग की मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उपायुक्त लोकेश मिश्रा ने कहा कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी केंद्रों पर सुरक्षा एवं आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित की जाएं।

 

परीक्षा की पहली पाली सुबह 8:30 बजे से 10:30 बजे तक, दूसरी पाली 11:30 बजे से 1:30 बजे तक तथा तीसरी पाली 3:30 बजे से 5:30 बजे तक आयोजित होगी। पहली और दूसरी पाली के अभ्यर्थियों को सुबह 7 बजे तक परीक्षा केंद्र पर पहुंचना होगा तथा सुबह 8 बजे प्रवेश द्वार बंद कर दिए जाएंगे। वहीं तीसरी पाली के अभ्यर्थियों को दोपहर 2 बजे तक रिपोर्ट करना होगा और 3 बजे के बाद किसी को प्रवेश नहीं मिलेगा।

 

जिले के सभी 17 परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सघन जांच, पहचान सत्यापन, सीसीटीवी निगरानी, पेयजल, बिजली, जेनरेटर और स्वच्छ शौचालय सहित सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। प्रत्येक केंद्र पर दंडाधिकारी, ऑब्जर्वर एवं पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती रहेगी। इसके अलावा फ्लाइंग स्क्वाड, स्टेटिक मजिस्ट्रेट और पुलिस की पेट्रोलिंग टीम लगातार निगरानी करेगी।

 

पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार ने कहा कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों को संवेदनशील केंद्रों पर विशेष निगरानी रखने, यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने तथा किसी भी अभ्यर्थी या अन्य व्यक्ति को मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच या अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट के साथ परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं करने देने के निर्देश दिए। साथ ही अफवाह फैलाने या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई करने को कहा।

बैठक में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, जिला शिक्षा पदाधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, केंद्राधीक्षक, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, ऑब्जर्वर, फ्लाइंग स्क्वाड एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *