पीड़ित व्यवसायी बासुदेव से मिले पुलिस अधीक्षक, डीएसपी और चेंबर पदाधिकारी; दिलाया भरोसा—’आप अकेले नहीं हैं, प्रशासन और पूरा व्यापारी समाज आपके साथ खड़ा है’
रिपोर्ट: शाहीन खान
गोड्डा।
बंगाल ज्वेलर्स में हुई लूट और फायरिंग की घटना के बाद गोड्डा में प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। शनिवार संध्याकाल पुलिस अधीक्षक, पुलिस उपाधीक्षक तथा गोड्डा चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, कोषाध्यक्ष सहित कई पदाधिकारी और सदस्य सीधे पीड़ित व्यवसायी बासुदेव की दुकान पहुंचे।
इस दौरान अधिकारियों और चेंबर प्रतिनिधियों ने बासुदेव का हालचाल जाना, उनका हौसला बढ़ाया और भरोसा दिलाया कि इस कठिन समय में वे अकेले नहीं हैं। प्रशासन और पूरा व्यापारी समाज उनके साथ मजबूती से खड़ा है।
बैठक के दौरान व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चर्चा हुई। चेंबर ऑफ कॉमर्स द्वारा दिए गए सुझावों पर पुलिस प्रशासन ने सकारात्मक रुख दिखाते हुए कहा कि चेंबर के महत्वपूर्ण सुझावों का अनुपालन कल से ही शुरू कर दिया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मुख्य बाजार क्षेत्र में कल से प्रतिदिन पुलिस की पैदल गश्ती शुरू कराई जाएगी, ताकि व्यापारियों में सुरक्षा की भावना मजबूत हो और अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके। उन्होंने यह भी दोहराया कि बंगाल ज्वेलर्स लूटकांड की जांच तेजी से चल रही है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार काम कर रही हैं।
चेंबर पदाधिकारियों ने प्रशासन के इस कदम का स्वागत करते हुए कहा कि व्यापारी केवल आश्वासन नहीं, बल्कि धरातल पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होते देखना चाहते हैं। उनका विश्वास है कि प्रशासन द्वारा उठाए जा रहे कदमों से व्यापारियों का मनोबल बढ़ेगा और बाजार में सुरक्षा का माहौल बनेगा।
बंगाल ज्वेलर्स में हुई घटना के बाद यह पहला अवसर है जब जिले के शीर्ष पुलिस अधिकारी स्वयं पीड़ित व्यवसायी के प्रतिष्ठान पर पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापारियों के साथ विस्तृत चर्चा की। अब व्यापारियों की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि प्रशासन अपने वादों को कितनी तेजी और प्रभावी तरीके से जमीन पर उतारता है।
