बंगाल ज्वेलर्स पहुंचकर एसपी मुकेश कुमार ने लिया घटनास्थल का जायजा, चेम्बर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारियों के साथ की लंबी चर्चा, जल्द खुलासे का दिया भरोसा।
गोड्डा।
बंगाल ज्वेलर्स में हुई फायरिंग और लूट की वारदात के बाद शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार स्वयं घटनास्थल पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और जिस व्यापारी की दुकान में लूट की घटना हुई थी, उनसे मुलाकात कर उनका हौसला बढ़ाया।
एसपी ने पीड़ित व्यापारी को भरोसा दिलाते हुए कहा कि “मामले की जांच तेज़ी से चल रही है। अपराधी ज्यादा दिन कानून से बच नहीं पाएंगे। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।”
इस दौरान एसपी ने घटना की पूरी जानकारी ली और जांच टीम द्वारा अब तक की गई कार्रवाई की भी समीक्षा की। उन्होंने व्यापारियों से अपील की कि वे पुलिस पर विश्वास बनाए रखें और जांच में सहयोग करें।
घटनास्थल पर गोड्डा चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष प्रीतम गाडिया, महासचिव कामरान अशरफी समेत चेम्बर के कई सदस्य भी मौजूद रहे। व्यापारियों ने एसपी के समक्ष सुरक्षा व्यवस्था, बाजार में बढ़ती आपराधिक घटनाओं और व्यापारियों में व्याप्त भय का मुद्दा उठाया।
चेम्बर के पदाधिकारियों ने कहा कि व्यापारी वर्ग चाहता है कि केवल इस घटना का खुलासा ही नहीं, बल्कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए भी ठोस और स्थायी सुरक्षा व्यवस्था लागू की जाए।
एसपी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि जांच कई अहम बिंदुओं पर आगे बढ़ रही है और पुलिस हर पहलू पर काम कर रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर कानून के दायरे में लाया जाएगा।
अब गोड्डा के व्यापारियों और आम लोगों की निगाहें पुलिस की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं। सवाल सिर्फ इतना है— क्या एसपी का भरोसा जल्द हकीकत में बदलेगा और बंगाल ज्वेलर्स लूटकांड के आरोपी सलाखों के पीछे होंगे? यही इंतजार पूरे शहर को है।
