REPORT _SHAHIN KHAN

गोड्डा, 10 जुलाई।

बंगाल ज्वेलर्स में हुई फायरिंग और लूट की घटना के बाद व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर गोड्डा चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री ने शुक्रवार को उपायुक्त के समक्ष कई महत्वपूर्ण मांगें रखीं। इनमें सबसे अधिक चर्चा इच्छुक व्यापारियों को नियमानुसार शीघ्र आर्म्स लाइसेंस उपलब्ध कराने की मांग की रही।

चेम्बर के अध्यक्ष प्रीतम कुमार गाडिया के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि हाल की आपराधिक घटनाओं से व्यापारियों में भय और असुरक्षा का माहौल है। ऐसे में जो व्यापारी अपनी व्यक्तिगत सुरक्षा के लिए नियमानुसार हथियार रखना चाहते हैं, उनके आर्म्स लाइसेंस के आवेदनों का त्वरित निष्पादन किया जाए।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि 8 जुलाई को बंगाल ज्वेलर्स में हुई लूट और फायरिंग की घटना के विरोध में व्यापारियों ने सांकेतिक बंद रखा था। पुलिस प्रशासन के आश्वासन के बाद फिलहाल अनिश्चितकालीन बंद का निर्णय स्थगित कर दिया गया है, लेकिन व्यापारियों ने स्पष्ट किया है कि यदि सुरक्षा व्यवस्था में सुधार और अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो आगे आंदोलन पर विचार किया जाएगा।

यह भी पढ़ें:“48 घंटे का अल्टीमेटम: व्यापारियों ने प्रशासन को दी चेतावनी, एसपी बोले—’जल्द गिरफ्त में होंगे अपराधी'”

उपायुक्त को सौंपे गए मांग पत्र में आर्म्स लाइसेंस के अलावा शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाने, बाजार क्षेत्र में नियमित पैदल एवं वाहन गश्ती बढ़ाने, संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने तथा जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन और चेम्बर ऑफ कॉमर्स के बीच नियमित समन्वय बैठक आयोजित करने की भी मांग की गई।

चेम्बर का कहना है कि व्यापारियों की सुरक्षा केवल व्यापारिक हित का नहीं, बल्कि पूरे जिले की आर्थिक व्यवस्था से जुड़ा मुद्दा है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि उपायुक्त के समक्ष रखी गई इन मांगों पर जिला प्रशासन क्या निर्णय लेता है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *