बंगाल ज्वेलर्स लूटकांड के बाद चेम्बर ऑफ कॉमर्स ने एसपी और उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन, फिलहाल अनिश्चितकालीन बंद स्थगित, लेकिन 48 घंटे में कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन तेज करने के संकेत।

एडिट: शाहीन खान 

गोड्डा।

“गोड्डा के व्यापारियों का प्रशासन को दो टूक संदेश: सुरक्षा नहीं तो आंदोलन तय, उपायुक्त को सौंपा गया मांग पत्र”

बंगाल ज्वेलर्स लूटकांड के विरोध में चेम्बर ऑफ कॉमर्स का प्रतिनिधिमंडल डीसी से मिला, बंद फिलहाल स्थगित लेकिन सुरक्षा को लेकर रखीं कई अहम मांगें।

 

गोड्डा, 10 जुलाई।

बंगाल ज्वेलर्स में 8 जुलाई को हुई फायरिंग और लूट की घटना के बाद गोड्डा का व्यापारी वर्ग अब सुरक्षा के मुद्दे पर खुलकर सामने आ गया है। शुक्रवार को गोड्डा चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष प्रीतम कुमार गाडिया के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त, गोड्डा को मांग पत्र सौंपते हुए व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और अपराधियों पर त्वरित कार्रवाई की मांग की।

चेम्बर ने अपने ज्ञापन में कहा कि 8 जुलाई को मुख्य बाजार स्थित बंगाल ज्वेलर्स में अपराधियों ने दुकान में घुसकर फायरिंग करते हुए लूट की घटना को अंजाम दिया। इस घटना से पूरे जिले के व्यापारियों में भय और असुरक्षा का माहौल पैदा हो गया है। इसके विरोध में 9 जुलाई को चेम्बर के सांकेतिक बंद के आह्वान पर शहर के अधिकांश व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रहे।

ज्ञापन में बताया गया कि बंद के दौरान पुलिस अधीक्षक ने चेम्बर पदाधिकारियों और व्यापारियों के साथ बैठक कर घटना के शीघ्र उद्भेदन और व्यापारियों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया। प्रशासन के इस आश्वासन के बाद अनिश्चितकालीन बाजार बंद के निर्णय को फिलहाल स्थगित कर दिया गया, ताकि प्रशासन को कार्रवाई का अवसर मिल सके।

हालांकि, चेम्बर ने उपायुक्त को स्पष्ट कर दिया कि यदि अपराध नियंत्रण और व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर ठोस एवं प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो व्यापारी समाज भविष्य में आंदोलन का रास्ता अपनाने को बाध्य होगा।

उपायुक्त को सौंपे गए मांग पत्र में प्रमुख मांगें

बंगाल ज्वेलर्स कांड में शामिल सभी अपराधियों की अविलंब गिरफ्तारी कर लूटे गए सामान की बरामदगी सुनिश्चित की जाए।

शहर के प्रमुख चौक-चौराहों एवं संवेदनशील स्थानों पर उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे तथा आपातकालीन सायरन सिस्टम लगाए जाएं।

बाजार क्षेत्र में शाम के समय नियमित पैदल गश्ती तथा दिनभर पुलिस की वाहन गश्ती सुनिश्चित की जाए।

इच्छुक व्यापारियों के आवेदन पर नियमानुसार आर्म्स लाइसेंस जारी करने की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए।

व्यापारियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन और चेम्बर ऑफ कॉमर्स के बीच प्रत्येक माह नियमित समन्वय बैठक आयोजित की जाए

चेम्बर अध्यक्ष प्रीतम कुमार गाडिया ने कहा कि व्यापारी वर्ग जिले की अर्थव्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी है। यदि व्यापारी स्वयं को सुरक्षित महसूस नहीं करेंगे तो इसका असर पूरे जिले की आर्थिक गतिविधियों पर पड़ेगा। उन्होंने प्रशासन से मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए शीघ्र कार्रवाई करने की अपील की।

 

अब जिले के व्यापारियों और आम लोगों की निगाहें प्रशासन पर टिकी हैं। क्या बंगाल ज्वेलर्स लूटकांड का जल्द खुलासा होगा? क्या व्यापारियों को सुरक्षा का भरोसा मिलेगा? इन सवालों के जवाब आने वाले दिनों में प्रशासन की कार्रवाई तय करेगी।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *